खंडवा जिले के छैगांव माखन (इंदौर रोड) स्थित दिव्य बालाजी नगर में गुरुवार को तिरुपति से लाई गई पावन मूर्तियों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर धार्मिक विधि-विधान के साथ एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इन मूर्तियों को निर्माणाधीन दिव्य बालाजी मंदिर और पद्मावती धाम कॉलोनी के पद्मावती मंदिर में स्थापित किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, तिरुपति तिरुमला देवस्थानम द्वारा विशेष रूप से निर्मित एवं भेंट की गई भगवान श्री तिरुपति बालाजी, माता लक्ष्मी, पद्मावती, दशावतार, गणेश, हनुमान, गरुड़, जय-विजय, चंड-प्रचंड और बली पीठ सहित अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां खंडवा पहुंची हैं।
श्री दिव्य बालाजी नगर कॉलोनी में भगवान तिरुपति बालाजी का 81 फीट ऊंचा भव्य मंदिर निर्माणाधीन है। इसके गर्भगृह में स्थापित होने वाली मूर्तियों का गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्नान, दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना की गई। आचार्य पंडित अमित दाधीच, प्रवीण अत्रे, अवधेश उपाध्याय, सुरेश शर्मा और पीयूष दुबे सहित अन्य विद्वान ब्राह्मणों ने ये धार्मिक विधि-विधान संपन्न कराए।
ढोल-नगाड़ों के साथ निकली शोभायात्रा, कई VIP रहे मौजूद
शोभायात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों, जयकारों और आतिशबाजी से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह मूर्तियों का स्वागत किया। इस कार्यक्रम में मंत्री विजय शाह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, महापौर अमृता यादव, पूर्व महापौर भावना शाह सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
अन्नाधिवास कराया गया, जल्द तय होगी प्राण-प्रतिष्ठा की तिथि
बालाजी ग्रुप के संस्थापक रितेश गोयल ने बताया कि इस पूरी पहल का मुख्य उद्देश्य जिले में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना है। उन्होंने जानकारी दी कि फिलहाल मूर्तियों को मंदिर परिसर में सुरक्षित रखकर अन्नाधिवास कराया गया है। जल्द ही एक शुभ तिथि तय कर वैदिक अनुष्ठान के साथ मूर्तियों की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा कर उन्हें मंदिरों में स्थापित किया जाएगा।
