खंडवा। छैगांवमाखन में कार्यरत मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के मेंटेनेंस कर्मी राकेश ठाकुर और आउटसोर्स कर्मचारी महेंद्र सिंह चौहान बेल्टमैन को विपरीत परिस्थितियों में ट्रांसमिशन लाइन ब्रेकडाउन का कम समय में सफलतापूर्वक निराकरण करने के लिए सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जबलपुर स्थित एमपी ट्रांसको मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में दोनों कर्मियों को मेडल, प्रशस्ति-पत्र और नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
समारोह में एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी, विशिष्ट अतिथि एवं सेवानिवृत्त एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर स्वराज शर्मा तथा मुख्य अभियंता ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस डीके अग्रवाल ने दोनों कर्मियों को सम्मानित किया।
बारिश और आकाशीय बिजली के बीच किया काम
बताया गया कि जून माह में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने के कारण 132 केवी और 220 केवी ट्रांसमिशन लाइनों में ब्रेकडाउन की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इस दौरान राकेश ठाकुर और महेंद्र सिंह चौहान ने असाधारण कार्यनिष्ठा, साहस और समर्पण का परिचय देते हुए निर्धारित समय-सीमा में ब्रेकडाउन को दूर किया।
दोनों कर्मचारियों की तत्परता से ट्रांसमिशन लाइनों को जल्द दोबारा चालू किया जा सका। इससे खंडवा शहर और आसपास के क्षेत्रों में संभावित विद्युत संकट को टालने में मदद मिली।
एमपी ट्रांसको की ओर से दोनों कर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर विभागीय कर्मचारियों ने भी दोनों को बधाई दी।
