खंडवा। सिंधी कॉलोनी स्थित श्री झूलेलाल मंदिर में चकरभाटा से पधारे साईं कृष्णदास जी के मुखारविंद से भक्तमाल कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और धर्मप्रेमीजन मंदिर पहुंच रहे हैं। कथा के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया।
श्री पूज्य सिंधी पंचायत के प्रवक्ता कमल नागपाल ने बताया कि सिंधी समाज की ओर से 16 जुलाई से 24 अगस्त तक चालीहा साहब के उपलक्ष्य में विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल और श्री झूलेलाल समर्थ पेनल द्वारा मंदिर में भक्तमाल कथा का आयोजन किया गया है।

रविवार से शुरू हुई कथा के दूसरे दिन सोमवार को भी मंदिर का सभागृह श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। रात्रि 10 बजे शुरू हुई कथा देर रात तक चली। श्रद्धालुओं ने साईं कृष्णदास जी के मुखारविंद से सिंधी भाषा में भक्तमाल कथा का श्रवण किया।
कथा के दौरान साईं कृष्णदास जी ने भक्ति रचना प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन और कथा के बीच पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
आयोजन के दौरान श्री पूज्य सिंधी पंचायत, श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल और श्री झूलेलाल समर्थ महिला मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कथावाचक साईं कृष्णदास जी का स्वागत किया।
