खंडवा। छैगांवमाखन विकासखंड के देशगांव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की राष्ट्रीय गुणवत्ता मूल्यांकन प्रणाली की टीम ने केंद्र का वर्चुअल मूल्यांकन किया, जिसमें अस्पताल को 81.30 प्रतिशत अंक मिले। इसके आधार पर केंद्र को गुणवत्ता प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है।
मूल्यांकन के दौरान टीम ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर के ओपीडी कक्ष, दवा वितरण कक्ष सहित स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) द्वारा उपलब्ध कराई जा रही 12 स्वास्थ्य सेवाओं, रिकॉर्ड संधारण और अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच की गई।
मूल्यांकन टीम ने ग्रामीणजनों से चर्चा कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी भी प्राप्त की। केंद्र की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के आधार पर उसे राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी जुगतावत ने इस उपलब्धि पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण बिरला, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शैलेंद्र सिंह सोलंकी सहित सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और ब्लॉक स्तर की पूरी टीम को बधाई दी।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 48 उपस्वास्थ्य केंद्र, 4 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 2 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय गुणवत्ता मूल्यांकन प्रणाली के तहत प्रमाणित हो चुके हैं। अधिकारियों ने इसे जिले में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
