कुत्ते के हुलिए में जनसुनवाई पहुंचा युवक, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष ने अनोखे अंदाज में दर्ज कराया विरोध

कुत्ते के हुलिए में जनसुनवाई पहुंचा युवक, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष ने अनोखे अंदाज में दर्ज कराया विरोध

कुत्ते के हुलिए में जनसुनवाई पहुंचा युवक, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष ने अनोखे अंदाज में दर्ज कराया विरोध

खंडवा शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और डॉग बाइट के मामलों को लेकर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर ने मंगलवार को अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। वे एक युवक को कुत्ते की वेशभूषा में लेकर कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर आवारा कुत्तों की नसबंदी और उनके नियंत्रण को लेकर सवाल उठाए।

चार साल में नसबंदी पर 40 लाख खर्च का दावा

दीपक राठौर ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने पिछले चार वर्षों में आवारा कुत्तों की नसबंदी के नाम पर करीब 40 लाख रुपए खर्च किए हैं। इसके बावजूद शहर में आवारा कुत्तों की संख्या कम नहीं हुई है। उन्होंने नसबंदी पर खर्च राशि, टेंडर प्रक्रिया और नसबंदी किए गए कुत्तों की संख्या की जांच कराने की मांग की।

13,225 लोगों के डॉग बाइट का दावा

राठौर के मुताबिक, पिछले चार वर्षों में करीब 13,225 लोग डॉग बाइट का शिकार हुए हैं। उन्होंने कहा कि आवारा कुत्तों के कारण बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों में डर का माहौल है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि नसबंदी पर लाखों रुपए खर्च किए गए हैं तो आवारा कुत्तों की संख्या और डॉग बाइट के मामलों में कमी क्यों नहीं आई।

टेंडर से लेकर नसबंदी के रिकॉर्ड की जांच की मांग

नेता प्रतिपक्ष ने नसबंदी के काम की वित्तीय और तकनीकी जांच कराने की मांग की। उन्होंने संबंधित टेंडर प्रक्रिया, कार्य करने वाली कंपनी की पात्रता और दस्तावेजों की जांच के साथ नसबंदी किए गए कुत्तों की वास्तविक संख्या का रिकॉर्ड भी जांचने की मांग की।

उन्होंने कुत्तों की पहचान, भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जांच और मौके पर भौतिक सत्यापन कराने की मांग की, ताकि रिकॉर्ड में दर्ज संख्या और वास्तविक नसबंदी की संख्या का मिलान हो सके।

अपात्र कंपनी को टेंडर मिलने पर कार्रवाई की मांग

राठौर ने आरोप लगाया कि यदि जांच में किसी अपात्र कंपनी को नियमों के विरुद्ध टेंडर देने या नसबंदी के काम में गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

अपर कलेक्टर बोले- शिकायत की जांच कराएंगे

जनसुनवाई में शिकायत मिलने के बाद अपर कलेक्टर काशीराम बडोले ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है और कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।