140 पंचायतों की आंगनवाड़ियों में चलेगा ‘नींव’ पायलट प्रोजेक्ट, बच्चों के विकास पर रहेगा फोकस

140 पंचायतों की आंगनवाड़ियों में चलेगा ‘नींव’ पायलट प्रोजेक्ट, बच्चों के विकास पर रहेगा फोकस

140 पंचायतों की आंगनवाड़ियों में चलेगा ‘नींव’ पायलट प्रोजेक्ट, बच्चों के विकास पर रहेगा फोकस

खंडवा। जिले में 6 वर्ष तक के बच्चों के समग्र विकास को मजबूत करने के उद्देश्य से नींव’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास को सशक्त बनाने के लिए यह कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।

पीरामल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित जिला स्तरीय ‘नींव’ कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने की। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा, सहायक कलेक्टर शिल्पा चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी रत्ना शर्मा सहित जनपद पंचायतों के सीईओ, सीडीपीओ, सेक्टर सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सरपंच और पंचायत सचिव मौजूद रहे।

140 पंचायतों में होगा पायलट प्रोजेक्ट

कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र विकास की जिम्मेदारी केवल किसी एक विभाग की नहीं है। पंचायतों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के साथ समुदाय की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने बताया कि जिले की 140 पंचायतों के अंतर्गत आने वाली आंगनवाड़ियों में ‘नींव’ कार्यक्रम को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से बच्चों के शुरुआती वर्षों में उनके बेहतर विकास के लिए विभिन्न स्तरों पर समन्वित प्रयास किए जाएंगे।

विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायतों की नेतृत्वकारी भूमिका को मजबूत करने के साथ विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी तालमेल स्थापित करना है। इससे बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी सेवाओं का बेहतर लाभ दिलाने और उनके समग्र विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में पीरामल फाउंडेशन भोपाल के सीनियर प्रोग्राम मैनेजर इमरान खान और खंडवा जिला ‘नींव’ कार्यक्रम प्रबंधक शाजिया शेख सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पीरामल फाउंडेशन के इमरान खान ने आभार व्यक्त किया।