किसानों में दहशत: रातों-रात खेतों से मोटर के तार चोरी, एक सप्ताह में 24 से ज्यादा वारदात

किसानों में दहशत: रातों-रात खेतों से मोटर के तार चोरी, एक सप्ताह में 24 से ज्यादा वारदात

किसानों में दहशत: रातों-रात खेतों से मोटर के तार चोरी, एक सप्ताह में 24 से ज्यादा वारदात

खंडवा। पंधाना थाना क्षेत्र के ग्राम जामलीखुर्द में खेतों पर लगी पानी की मोटरों के तार चोरी होने से किसानों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह में चोरों ने दो दर्जन से अधिक खेतों को निशाना बनाकर मोटरों के तार काटकर चोरी कर लिए।

किसानों के अनुसार, खेतों में सिंचाई के लिए लगाई गई पानी की मोटरों के तार रात के समय काटे जा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ ही फसलों की सिंचाई प्रभावित होने की चिंता भी सता रही है।

मामले को लेकर ग्राम जामलीखुर्द के किसान नीतेश पटेल, गजानंद पटेल, संतोष पटेल, लोकेश पटेल और शांतीलाल पटेल सहित अन्य किसानों ने पंधाना थाने में शिकायत दर्ज कराई है। किसानों ने पुलिस से खेतों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

किसानों का कहना है कि खेतों में रात के समय निगरानी रखना मुश्किल होता है। इसी का फायदा उठाकर चोर मोटर के महंगे तार काटकर ले जा रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से किसानों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। किसानों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।