खंडवा। प्रदेश के शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के तहत उच्च शिक्षा संस्थानों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर पौधरोपण को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। लगाए गए पौधों की जानकारी Meri LiFE पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी जीवितता और नियमित देखभाल सुनिश्चित करना भी है। इसके लिए पौधों को समय पर पानी देने, सुरक्षा करने और आवश्यकता के अनुसार उनकी देखभाल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जुड़ाव बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए जाने वाले पौधे को मां की स्मृति और सम्मान से जोड़ने की परिकल्पना की गई है। इसके माध्यम से पौधरोपण को महज औपचारिक गतिविधि के बजाय भावनात्मक और सामाजिक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को अपने परिवार और समाज के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
