खंडवा। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कॉलेज में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने एक और अंतिम अवसर दिया है। स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए कॉलेज लेवल काउंसलिंग का अतिरिक्त चरण 14 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे तक संचालित किया जा रहा है।
इस चरण में प्रवेश केवल उपलब्ध रिक्त सीटों पर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिया जाएगा। रिक्त सीटों की जानकारी विद्यार्थियों के लॉगिन के साथ संबंधित महाविद्यालय के लॉगिन पर भी उपलब्ध रहेगी।
पंजीकृत विद्यार्थी जिस महाविद्यालय में प्रवेश लेना चाहते हैं, वहां सीट उपलब्ध होने पर सीधे कॉलेज पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। संबंधित कॉलेज के हेल्प सेंटर पर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराने के बाद विद्यार्थी उसी दिन प्रवेश शुल्क जमा कर दाखिला ले सकेंगे।
अतिरिक्त काउंसलिंग चरण में नए पंजीकृत विद्यार्थी केवल एक महाविद्यालय में पंजीयन कर सकेंगे। प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी।
उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि 14 अगस्त को शाम 5 बजे के बाद किसी भी विद्यार्थी का प्रवेश मान्य नहीं होगा। विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शुल्क जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
प्रवेश से जुड़ी किसी समस्या या जानकारी के लिए विद्यार्थी संबंधित महाविद्यालय के हेल्प सेंटर से संपर्क कर सकते हैं।
