पंधाना। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत टंट्या मामा शासकीय महाविद्यालय, पंधाना में तिरंगा यात्रा और मानव श्रृंखला कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, रेड क्रॉस इकाई एवं क्रीड़ा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के गायन के साथ हुई। इसके बाद प्राचार्य डॉ. जावेद मंसूरी ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर कृष्णा एकेडमी स्कूल तक पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों और स्टाफ ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के बाद महाविद्यालय परिसर में मानव श्रृंखला बनाई गई। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने इसमें हिस्सा लेकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और देश की एकता-अखंडता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संयोजन महाविद्यालय की क्रीड़ाधिकारी सुश्री मोनिका पटेल ने किया। आयोजन को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. अनिल कुमार पटेल, रेड क्रॉस अधिकारी सुश्री सोनिया मंडलोई सहित महाविद्यालयीन स्टाफ और विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
