खंडवा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 लाख से ज्यादा कीमत का 850 लीटर घी जब्त

खंडवा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 लाख से ज्यादा कीमत का 850 लीटर घी जब्त

खंडवा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 लाख से ज्यादा कीमत का 850 लीटर घी जब्त

खंडवा। मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने खंडवा में दो प्रतिष्ठानों पर औचक कार्रवाई की। टीम ने संदिग्ध गुणवत्ता के चलते 850.40 लीटर घी जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 6 लाख 3 हजार 320 रुपये बताई गई है। दोनों प्रतिष्ठानों से घी के अलग-अलग पैक के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मयूरी डोंगरे की टीम ने सरस्वती स्कूल के पास कल्याणगंज स्थित गणेश ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। यहां श्रीधी घी की बड़ी मात्रा विक्रय के लिए रखी मिली। टीम ने 100 एमएल, 200 एमएल, 500 एमएल, 1 लीटर, 5 किलोग्राम और 15 किलोग्राम पैकिंग से नमूने लिए। साथ ही 283.40 लीटर घी, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 97 हजार 500 रुपये है, जब्त किया गया।

इसके बाद टीम ने बॉम्बे बाजार स्थित न्यू अन्नपूर्णा किराना भंडार का निरीक्षण किया। यहां प्योरा श्योर गाय का घी और देशी घी मानव उपभोग के लिए बिक्री हेतु रखा मिला। अधिकारियों ने विभिन्न पैकिंग से नमूने लिए और 567 लीटर घी, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 5 हजार 720 रुपये है, जब्त कर लिया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 850.40 लीटर घी जब्त किया गया है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि दूध, दुग्ध उत्पाद और घी की गुणवत्ता की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।