खंडवा : राज्य शासन के सख्त निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा इन दिनों दूध और दुग्ध उत्पादों के साथ-साथ ‘एनालॉग पनीर’ (मिलावटी/कृत्रिम पनीर) की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेशन रोड स्थित एक प्रमुख फर्म पर औचक छापेमारी की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राधेश्याम गोले ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार रात्रि में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती मयूरी डोंगरे एवं विभागीय टीम के साथ स्टेशन रोड स्थित ‘मित्र मिलन’ नामक फर्म का औचक निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने फर्म से संदिग्ध पनीर के नमूने (सैंपल) एकत्र किए।
इसके साथ ही मौके से 17 किलोग्राम पनीर जप्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹5,780 बताई जा रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि शहर में मिलावटी और एनालॉग पनीर की बिक्री की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पिछले 15 दिनों में विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से पनीर के कुल 7 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।”जांच प्रतिवेदन (लैब रिपोर्ट) प्राप्त होते ही संबंधित फर्मों व विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI Act) के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से स्टेशन रोड और आसपास के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ यह विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
