खंडवा। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर भव्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फाइनल रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में समारोह के सभी आयोजनों को अंतिम रूप दिया गया।

रिहर्सल के दौरान प्रभारी कलेक्टर श्री नागार्जुन गौड़ा, पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन एवं अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख सहित वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारीगण मौजूद रहे। अधिकारियों ने परेड की सलामी, मार्च पास्ट और विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया।

निरीक्षण के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने व्यवस्थाओं से जुड़े संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि मुख्य समारोह का आयोजन सुचारू, अनुशासित और भव्य तरीके से संपन्न कराया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था, बैठक व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

