खंडवा। क्षेत्र में हो रही लगातार तेज बारिश अब आम जनजीवन के साथ-साथ बुनियादी ढांचे के लिए भी आफत बनने लगी है। पंधाना से लगभग एक किलोमीटर दूर झिरन्या मार्ग पर स्थित कुंडिया गांव के पास एक पुल का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। बारिश के पानी के तेज बहाव के कारण ब्रिज की प्रोटेक्शन वॉल धंस गई है, जिससे हादसे की आशंका बढ़ गई है।
लगातार बारिश के कारण पुल के नीचे की मिट्टी बह गई,। झिरन्या-पंधाना मार्ग पर दिन-रात वाहनों की आवाजाही रहती है। कटाव के कारण भारी वाहनों के फिसलने या दुर्घटनाग्रस्त होने का जोखिम बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और PWD विभाग हरकत में आया। एहतियात के तौर पर क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं ताकि कोई वाहन उसकी चपेट में न आए।
विभाग द्वारा जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया गया है, ताकि आवागमन पूरी तरह सुरक्षित किया जा सके।
