ओंकारेश्वर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत पवित्र नगरी ओंकारेश्वर में बुधवार को एक अभूतपूर्व और भव्य “नौका तिरंगा यात्रा” का आयोजन किया गया। मां नर्मदा के आंचल और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस यात्रा ने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

इस अनूठी यात्रा में लगभग 150 नावें राष्ट्रध्वज तिरंगे से सुसज्जित होकर शामिल हुईं। यात्रा का शुभारंभ ओंकारेश्वर के ऐतिहासिक ब्रह्मपुरी घाट से हुआ, जो नागर घाट तक पहुंची और पुनः भ्रमण करते हुए ब्रह्मपुरी घाट पर संपन्न हुई। नर्मदा की लहरों पर एक साथ तिरंगा लहराती नौकाओं का दृश्य अत्यंत विहंगम और आकर्षण का केंद्र बना रहा।

इस भव्य आयोजन में मांधाता क्षेत्र के विधायक श्री नारायण पटेल, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजपाल सिंह तोमर और नगर परिषद ओंकारेश्वर की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा परिहार ने सहभागिता की। इसके साथ ही प्रशासनिक स्तर पर सहायक कलेक्टर सुश्री शिल्पा चौहान, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री मोनिका पारधी, होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री आशीष कुशवाहा, तहसीलदार श्री उदय मंडलोई, नाविक संघ के प्रतिनिधि एवं स्थानीय पार्षदगण भी उपस्थित रहे।
यात्रा के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आमजनों को अपने-अपने घरों और संस्थानों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रध्वज की आन, बान और शान को अक्षुण्ण रखने का संदेश दिया।

