खंडवा। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत खंडवा जिले में देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को कृषि विभाग द्वारा तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली को अपर कलेक्टर के. आर. बडोले एवं उप संचालक कृषि नितेश कुमार यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बाइक रैली कलेक्टर कार्यालय से शुरू होकर इंदिरा चौक और माता चौक होते हुए उप संचालक कृषि कार्यालय खंडवा तक पहुंची।

रैली में कृषि विभाग के करीब 150 अधिकारी एवं कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना का संदेश दिया।
इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने आमजन को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना के साथ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन गौड़ा ने जिले के अधिकारियों को तिरंगा रैली सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत जिले में लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
