खंडवा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, श्री नीलकंठेश्वर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने तिरंगा और राष्ट्रभक्ति की थीम पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मकता और देशप्रेम का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत के गायन के साथ हुई। इसके बाद आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। रंगोलियों का मूल्यांकन विषयवस्तु, रचनात्मकता, कलात्मकता, रंग संयोजन और प्रस्तुतीकरण के आधार पर किया गया।

प्रतियोगिता में साक्षी भास्कर ने प्रथम, अंकिता विश्वकर्मा ने द्वितीय और अंतिमबाला वाघ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में डॉ. मीना साल्वे और डॉ. संघमित्रा खातरकर शामिल रहीं।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. कृष्णा सोलंकी रहीं। उन्होंने प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सहभागिता और उनकी रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों और उपस्थितजनों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल रहा। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

