पंधाना।मध्यप्रदेश में “हर घर तिरंगा” अभियान का रविवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। अभियान आगामी 17 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान प्रदेशभर में देशभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पंधाना नगर परिषद की ओर से क्षेत्रीय विधायक श्रीमती छाया गोविंद मोरे के नेतृत्व में विशाल तिरंगा रैली निकाली गई।

रैली की शुरुआत पंधाना नगर के महाराणा प्रताप चौराहे से हुई। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोग देशभक्ति के नारों के साथ रैली में शामिल हुए। रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए जनपद पंचायत पंधाना कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप जगधन्ने, नगर परिषद सभापति फकीरचंद कुशवाहा, जगदीश एकले, अमजद कादरी और धर्मेंद्र राठौर सहित अन्य पार्षद शामिल हुए। इसके अलावा गणमान्य नागरिकों, अधिकारी-कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रैली के दौरान पूरा क्षेत्र तिरंगे के रंग में नजर आया। आयोजकों ने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने की अपील की।

