खंडवा:श्रावण मास के पवित्र अवसर पर खंडवा शहर में भक्ति और आस्था का अनुपम दृश्य देखने को मिला। बेडेकर कॉलोनी स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर से प्राचीन एवं ऐतिहासिक रामेश्वर कुंड तक एक भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।
नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विशेष पूजन-अर्चन कर कावड़ यात्रा का शुभारंभ हुआ। कावड़िए हाथों में पवित्र जल लिए अनुशासित पंक्तियों में रामेश्वर कुंड की ओर बढ़े। यात्रा मार्ग में स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कावड़ियों का भव्य स्वागत किया। कावड़ यात्रा में बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर भक्तिभाव का परिचय दिया।
कावड़ यात्रा शहर के प्रमुख क्षेत्रों से होती हुई रामेश्वर कुंड पहुंची। यहाँ कावड़ियों ने पूर्ण विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस धार्मिक आयोजन में खंडवा की विधायक कंचन तनवे के प्रतिनिधि मुकेश तनवे विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की और कावड़ियों के साथ यात्रा में सहभागिता निभाई।
