खंडवा। लाल चौकी क्षेत्र स्थित संयुक्त परियोजना बालक छात्रावास में छात्रों को परोसे गए भोजन में इल्ली व कीड़े मिलने की गंभीर शिकायत के बाद प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मामले को संज्ञान में लेते हुए सहायक आयुक्त डॉ. नारायण सिंह ने शनिवार को शहर के 6 प्रमुख हॉस्टलों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता, किचन की साफ-सफाई, और खाद्य सामग्रियों के रखरखाव का गहन जायजा लिया। इस दौरान छात्रों के प्रत्यक्ष बयान भी दर्ज किए गए, जिसमें उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और दैनिक व्यवस्थाओं को लेकर अपनी बातें रखीं।
सहायक आयुक्त ने निरीक्षण व छात्रों के बयानों के आधार पर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों को सौंप दी है। रिपोर्ट में पाई गई कमियों और लापरवाही को उजागर करते हुए जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की सिफारिश की गई है। इस कार्रवाई से छात्रावास प्रबंधन और भोजन ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है।
