खंडवा। नगर निगम आयुक्त संकेत भोंडवे ने शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाया है। निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही या घटिया सामग्री का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आयुक्त ने कहा कि यदि सड़क घटिया बनाई गई है तो उसे तत्काल सुधार लिया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, “घटिया रोड बनाई तो जेल भेज दूंगा। मैं खुद जाकर चेक करूंगा। कोई गड़बड़ी की तो समझ लेना।”
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में तय मापदंडों और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को समय पर दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होगी।
नगर निगम आयुक्त ने ट्रेचिंग ग्राउंड के काम की भी समीक्षा की। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने और उसे ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए। निगम प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि काम में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहर में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए मोबाइल टेस्टिंग लैब शुरू करने की भी तैयारी है। इसके जरिए सड़क और अन्य निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की मौके पर ही जांच की जा सकेगी। इससे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा कि नगर निगम के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और निर्धारित मानकों के अनुसार ही काम कराने के निर्देश दिए।
