खंडवा में मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज: विजेता टीमों को पर्यटन विभाग के होटल में मुफ्त ठहरने के कूपन

खंडवा में मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज: विजेता टीमों को पर्यटन विभाग के होटल में मुफ्त ठहरने के कूपन

खंडवा में मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज: विजेता टीमों को पर्यटन विभाग के होटल में मुफ्त ठहरने के कूपन

खंडवा। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा आयोजित मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को शासकीय मोतीलाल नेहरू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खंडवा में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 153 शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश की संस्कृति, कला और पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी देना था।

प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के तीन-तीन विद्यार्थियों ने एक टीम के रूप में लिखित परीक्षा में भाग लिया। लिखित परीक्षा के बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाली छह टीमों का चयन मल्टीमीडिया क्विज के लिए किया गया।

मल्टीमीडिया क्विज में श्री रायचंद नागड़ा उत्कृष्ट विद्यालय खंडवा की सैलानी टीम, शिक्षा अकादमी सिलटिया की नागचुन टीम, शासकीय हाई स्कूल डूल्हार की सिंगाजी धाम टीम, पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमलपुरा की हनुमंतिया टीम, श्री मातरम पब्लिक स्कूल छेगांव माखन की ओंकारेश्वर टीम और सांदीपनि विद्यालय पंधाना की दादाजी धाम टीम ने हिस्सा लिया।

मुकाबले में सिंगाजी धाम टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। सैलानी टीम दूसरे और नागचुन टीम तीसरे स्थान पर रही। विजेता तीनों टीमों को पुरस्कार स्वरूप पर्यटन विभाग के होटल में तीन दिन और दो रात नि:शुल्क ठहरने के कूपन दिए गए। विजेता प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

वहीं, ओंकारेश्वर टीम चौथे, हनुमंतिया टीम पांचवें और दादाजी धाम टीम छठे स्थान पर रही। इन टीमों को उपविजेता घोषित करते हुए पर्यटन विभाग के होटल में दो दिन और एक रात नि:शुल्क ठहरने के कूपन प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में खंडवा विधायक कंचन तन्वे ने विद्यार्थियों को प्रेरक उद्बोधन देते हुए पूरे मनोयोग से पढ़ाई करने और अपने जीवन को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खंडवा के पर्यटन स्थलों से जुड़े प्रश्न भी विद्यार्थियों से पूछे।

जिला पंचायत खंडवा की अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेड़े ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। समापन अवसर पर नगर निगम खंडवा के अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विशेष अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर ने कहा कि इस तरह की क्विज प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक होती हैं। प्रतियोगिता में क्विज मास्टर की भूमिका संगीता सोनवाने ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन संदीप जोशी ने किया, जबकि आभार जिला शिक्षा अधिकारी बलवंत पटेल ने व्यक्त किया।