भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड, भोपाल ने जुलाई 2026 सत्र में आयोजित विभिन्न परीक्षाओं के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए। सबसे अधिक चर्चा में रही ‘रुक जाना नहीं’ योजना की परीक्षा में कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 59.89 प्रतिशत, जबकि कक्षा 12वीं का परिणाम 52.44 प्रतिशत रहा।
बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जुलाई सत्र में ‘रुक जाना नहीं’, ‘आ लौट चलें’, ओपन स्कूल (परंपरागत), आईटीआई 12वीं, सीबीएसई ऑन डिमांड कक्षा 12वीं तथा कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। ये परीक्षाएं 3 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक चलीं, जिनमें कुल 98,410 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था।
परीक्षार्थी अपना परीक्षा परिणाम निर्धारित ऑनलाइन पोर्टलों के माध्यम से देख और डाउनलोड कर सकते हैं। रिजल्ट देखने के लिए परीक्षार्थियों को आवश्यक विवरण, जैसे रोल नंबर आदि दर्ज करना होगा।
बोर्ड के अनुसार परीक्षा परिणाम से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए परीक्षार्थी कार्यालयीन समय में कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0755-2552106 पर संपर्क कर सकते हैं।
‘रुक जाना नहीं’ योजना का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा का अवसर उपलब्ध कराना है, जो नियमित बोर्ड परीक्षा में सफल नहीं हो पाए थे। जुलाई सत्र के परिणाम जारी होने के साथ अब हजारों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया है।
