खंडवा में जुटे निमाड़ के चार जिलों के पत्रकार, पत्रकारिता की चुनौतियों पर हुई चर्चा

खंडवा में जुटे निमाड़ के चार जिलों के पत्रकार, पत्रकारिता की चुनौतियों पर हुई चर्चा

खंडवा में जुटे निमाड़ के चार जिलों के पत्रकार, पत्रकारिता की चुनौतियों पर हुई चर्चा

खंडवा। स्टेट प्रेस क्लब द्वारा आयोजित ‘द जर्नी ऑफ ए जर्नलिस्ट’ कार्यक्रम में निमाड़ के चार जिलों के पत्रकारों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर नई दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार राजेश रैना ने पत्रकारिता की बदलती चुनौतियों और लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि “यदि पत्रकारों का साहस समाप्त हो गया तो लोकतंत्र में दरार पड़ जाएगी। पत्रकार भले ही आर्थिक रूप से कमजोर हो, लेकिन उसकी कलम समाज की दिशा बदलने की ताकत रखती है। इसलिए पैसे नहीं, अपनी कलम पर भरोसा करें।”

कार्यक्रम में राष्ट्रीय पत्रकार और पाञ्चजन्य की संपादक तृप्ति श्रीवास्तव ने कहा कि वर्ष 2000 के बाद लाइव पत्रकारिता ने मीडिया की दिशा बदल दी है। सोशल मीडिया के प्रभाव के बावजूद आज भी जागरूक पाठक खोजी पत्रकारिता पर भरोसा करते हैं। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में फैक्ट-चेकिंग पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है और AI का उपयोग समझदारी से किया जाना चाहिए।

पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि पत्रकारिता में चयनात्मक और राष्ट्रहित की सोच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को संस्कृति, प्रकृति और राजनीति जैसे विषयों में विशेषज्ञता विकसित करनी चाहिए। उन्होंने स्टेट प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल के कार्यों की सराहना करते हुए ‘द जर्नी ऑफ ए जर्नलिस्ट’ कार्यक्रम का अगला आयोजन बुरहानपुर में करने का आमंत्रण भी दिया।

खंडवा विधायक कंचन तनवे ने कहा कि निमाड़ के चार जिलों के पत्रकारों का एक मंच पर एकत्र होना गर्व की बात है। उन्होंने पत्रकारिता को समाज को दिशा देने वाला मिशन बताते हुए पत्रकारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

महापौर अमृता अमर यादव ने कहा कि समय के साथ हर क्षेत्र में बदलाव जरूरी है और पत्रकारिता भी इससे अछूती नहीं है। वहीं सीएच ग्रुप के राजू जैन ने कहा कि स्टेट प्रेस क्लब द्वारा छोटे शहरों में आयोजित ऐसे कार्यक्रम स्थानीय पत्रकारों को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान महापौर अमृता अमर यादव ने वरिष्ठ पत्रकार राजेश रैना और तृप्ति श्रीवास्तव का सम्मान किया। साथ ही निमाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई वरिष्ठ पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्टेट प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल, महासचिव नवनीत शुक्ला, संयोजक देवेंद्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।