खंडवा। हिंदी सिनेमा के महान गायक, अभिनेता, संगीतकार और हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार का जन्मदिन मंगलवार को उनकी जन्मस्थली खंडवा में श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ‘खंडवा गौरव दिवस’ के तहत शहर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें देशभर से पहुंचे प्रशंसकों ने हिस्सा लिया।
किशोर कुमार की समाधि को आकर्षक फूलों से सजाया गया। सुबह से ही उनके चाहने वालों का तांता लगा रहा। प्रशंसकों, कलाकारों और जनप्रतिनिधियों ने समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। विशेष परंपरा के तहत किशोर दा की पसंद माने जाने वाले दूध-जलेबी का भोग भी समाधि पर अर्पित किया गया।
गौरव दिवस के तहत शहर में संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। स्थानीय कलाकारों के साथ विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने भी किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की प्रस्तुति देकर उन्हें याद किया। पूरा शहर ‘किशोरमय’ माहौल में नजर आया।
जिला प्रशासन ने आयोजन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की थीं। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष इंतजाम किया गया।
हर वर्ष की तरह इस बार भी किशोर कुमार के जन्मदिन पर खंडवा में उनके प्रशंसकों का उत्साह देखने लायक रहा। श्रद्धांजलि, संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों ने अपने प्रिय कलाकार को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया
