खंडवा। जिले में सूचीबद्ध गुंडा-बदमाशों और जिलाबदर अपराधियों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना नर्मदानगर पुलिस ने जिलाबदर आदेश का उल्लंघन करने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार पवन पिता बद्री जमरे, निवासी साईं मंदिर के पीछे, नर्मदानगर को 14 अगस्त 2025 को एक वर्ष के लिए जिलाबदर किया गया था। चेकिंग अभियान के दौरान वह नर्मदानगर क्षेत्र में ही घूमता मिला। पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर जिलाबदर आदेश के उल्लंघन का मामला दर्ज किया और न्यायालय में पेश किया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले से झगड़ा, मारपीट और अवैध शराब परिवहन सहित कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ 9 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए गुंडा-बदमाशों और जिलाबदर आरोपियों की नियमित निगरानी एवं चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
