खंडवा। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद खंडवा शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी के नेतृत्व में गांधी भवन से घंटाघर तक विजय जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
जुलूस के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ताओं ने जमकर नृत्य किया, एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकले विजय जुलूस ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
जश्न के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सराफा स्थित गणेश मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने दतिया उपचुनाव की जीत को जनता के विश्वास और लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम प्रदेश की राजनीति में सकारात्मक संदेश देने वाला है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इमरान गौरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। यदि सभी कांग्रेसजन संगठित होकर काम करेंगे तो न केवल मध्यप्रदेश, बल्कि पूरे देश में कांग्रेस को सफलता मिलेगी।”
जश्न के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। विजय जुलूस और उत्सव का माहौल देर तक शहर में बना रहा।
