खंडवा। श्रावण मास के पहले सोमवार पर भगवान श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए सोमवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने पहले मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाई और इसके बाद भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं कीं। मंदिर परिसर और गर्भगृह को रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया। हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के जयघोष से पूरा धाम गूंज उठा।
धार्मिक परंपरा के अनुसार शाम 4 बजे भगवान ओंकारेश्वर महादेव पालकी में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। इस विशेष पालकी दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

वहीं, कोटितीर्थ घाट पर वैदिक विद्वानों की उपस्थिति में विधि-विधान से रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
सावन के पहले सोमवार के अवसर पर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस, प्रशासन और मंदिर समिति के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं में जुटे रहे। पूरे ओंकारेश्वर धाम में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है।