खंडवा। फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन खोज” के तहत खंडवा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना मोघट रोड पुलिस ने वर्ष 1991 के आर्म्स एक्ट के एक मामले में पिछले 35 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय के वारंट की तामील कराई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शेख अनवर पिता शेख हुसैन, निवासी कसाईपुरा, खंडवा, लंबे समय से अपनी पहचान छिपाकर गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। लगातार तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से उसकी मौजूदगी की सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने की। टीम में प्रधान आरक्षक रफीक खान और आरक्षक संजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
खंडवा पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन खोज के तहत लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों की तलाश और गिरफ्तारी का अभियान लगातार जारी है, ताकि पुराने लंबित मामलों का निराकरण कर आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।
