खंडवा। महान गायक और अभिनेता किशोर कुमार की जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली खंडवा में इस वर्ष भी तीन दिवसीय ‘खंडवा गौरव दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 2 अगस्त से 4 अगस्त तक आयोजित होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 2 अगस्त को होगा। पहले दिन सुबह 8 बजे चेंबर ऑफ कॉमर्स से नगर निगम कार्यालय तक मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। इसमें सामाजिक संगठनों का भी सहयोग रहेगा। इसी दिन शाम को किशोर कुमार ऑडिटोरियम में ‘वॉइस ऑफ खंडवा’ गायन प्रतियोगिता आयोजित होगी।
3 अगस्त को सुबह 7:30 बजे नगर निगम के सामने मंच पर स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में स्कूली विद्यार्थियों की चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी।
इसी दिन शाम को नगर निगम और घंटाघर क्षेत्र के पास फूड फेस्टिवल लगाया जाएगा। साथ ही राम चौक से घंटाघर तक बैंड प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
4 अगस्त को किशोर कुमार समाधि स्थल पर सुबह 9 बजे पुष्पांजलि और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे किशोर नाइट में प्रसिद्ध गायक पी. गणेश और प्रीति जोशी किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगे।
इस अवसर पर मुंबई के प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर विनोद राठौर को किशोर सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें सम्मान के साथ 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी।
प्रशासन ने सभी कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। किशोर कुमार की याद में आयोजित होने वाला यह उत्सव खंडवा शहर के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
