खंडवा। मध्यप्रदेश शासन के “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत खंडवा पुलिस द्वारा चलाए गए 15 दिवसीय नशामुक्ति महाअभियान का गुरुवार को किशोर कुमार सभागृह में समापन हुआ। अभियान के दौरान जिलेभर में स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों, अस्पतालों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से लाखों लोगों तक नशे से होने वाले दुष्परिणामों का संदेश पहुंचाया गया।

समापन कार्यक्रम में खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे, महापौर अमृता अमर यादव, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, जिला पंचायत सीईओ डॉ. नागार्जुन गौड़ा, किशोर प्रेरणा मंच के अध्यक्ष रणवीर सिंह चावला, सचिव नारायण बाहेती सहित पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, स्कूली विद्यार्थी, जिला आपदा प्रबंधन इकाई के स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने 100 से अधिक स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में रैलियां, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता कार्यक्रम और लघु वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। इसके अलावा ग्राम पंचायतों, आंगनवाड़ी केंद्रों, हाट-बाजार, बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड, अस्पतालों, बैंक परिसरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

खंडवा पुलिस ने डिजिटल माध्यम का भी प्रभावी उपयोग करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नशामुक्ति से जुड़े संदेश, वीडियो और जनप्रतिनिधियों की अपील साझा की। अभियान के दौरान मानस हेल्पलाइन 1933 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई गई
समापन अवसर पर खंडवा पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “नशे से दूरी है जरूरी” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में सामूहिक संकल्प है। आने वाले समय में भी इस तरह की जनजागरूकता गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी।

