खंडवा में मानसून की दमदार दस्तक, 2 इंच बारिश से सड़कों पर बहा पानी

खंडवा में मानसून की दमदार दस्तक, 2 इंच बारिश से सड़कों पर बहा पानी

खंडवा में मानसून की दमदार दस्तक, 2 इंच बारिश से सड़कों पर बहा पानी

खंडवा। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को खंडवा में मानसून पूरी तरह मेहरबान नजर आया। शहर में करीब दो घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई, जिसके बाद रुक-रुककर हल्की बारिश का दौर जारी रहा। तेज बारिश से शहर के कई नाले सीजन में पहली बार उफान पर आ गए, जबकि सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होने पहुंचे श्रद्धालुओं को भी बारिश के बीच सावधानी के साथ आवागमन करना पड़ा। हालांकि बारिश के बावजूद धार्मिक आयोजनों का उत्साह कम नहीं हुआ।

शहर में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी, जबकि नालों में तेज बहाव देखने को मिला। प्रशासन ने लोगों से उफनते नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की।

बारिश के बीच स्कूल जाने वाले बच्चों का उत्साह भी देखने लायक रहा। हाथों में रंग-बिरंगे छाते लिए बच्चों की टोलियां बारिश का आनंद लेते हुए स्कूल पहुंचीं, जिसका दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना।

मौसम विभाग के अनुसार जिले में मानसूनी गतिविधियां फिलहाल सक्रिय बनी हुई हैं और आगामी दिनों में भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।