खंडवा। श्रावण मास में भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने मंदिर की दर्शन व्यवस्था तथा यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए हैं। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वन-वे सिस्टम और विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है।
पुराना बस स्टैंड मार्ग:
निर्वाणी अखाड़ा जूता-चप्पल स्टैंड → जेपी चौक → पुराना पुल → रैम्प → गर्भगृह → झूला पुल → स्काईब्रिज → निर्वाणी अखाड़ा।
न्यू बस स्टैंड (दांडी तिराहा) मार्ग:
गजानन आश्रम → ब्रह्मपुरी जूता-चप्पल स्टैंड → स्काईब्रिज → जेपी चौक → पुराना पुल → रैम्प → गर्भगृह → झूला पुल → स्काईब्रिज → निर्वाणी अखाड़ा।
प्रोटोकॉल और शीघ्र दर्शन टिकटधारकों के लिए निर्वाणी अखाड़ा और ब्रह्मपुरी पार्किंग में रिस्टबैंड काउंटर तथा जूता-चप्पल स्टैंड की व्यवस्था की गई है।
पुराना बस स्टैंड मार्ग:
निर्वाणी अखाड़ा सेंटर → स्काईब्रिज → झूला पुल → गर्भगृह → झूला पुल → स्काईब्रिज → निर्वाणी अखाड़ा।
न्यू बस स्टैंड मार्ग:
प्रसादालय पार्किंग → गजानन आश्रम → ब्रह्मपुरी पार्किंग सेंटर → झूला पुल → गर्भगृह → झूला पुल → ब्रह्मपुरी पार्किंग/निर्वाणी अखाड़ा।
यातायात का दबाव कम करने के लिए 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक इंदौर–इच्छापुर मार्ग पर देशगांव से बड़वाह के बीच सभी भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को महू, मानपुर, धामनोद, मंडलेश्वर, कसरावद, खरगोन और भीकनगांव होते हुए वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
पुलिस एवं प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, यातायात नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन का लाभ मिल सके।
