खंडवा। सिंधी कॉलोनी स्थित प्राचीन श्री झूलेलाल मंदिर में सिंधी समाज द्वारा श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान श्री झूलेलाल जी का 40 दिवसीय चालिहा पर्व मनाया जा रहा है। इस अवसर पर 31 जुलाई को रात्रि 9 बजे से ‘एक शाम झूलेलाल साई जी के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तिमय भजनों और मधुर वाणी से श्रद्धालु भाव-विभोर होंगे।
श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल एवं श्री झूलेलाल समर्थ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में उल्हासनगर के प्रसिद्ध साईं ओमीराम साहिब जी अपनी मधुर वाणी से भजन एवं सत्संग प्रस्तुत करेंगे। आयोजकों का कहना है कि सावन के पावन माह में आयोजित इस विशेष दरबार में श्रद्धालुओं पर झूलेलाल साई की कृपा और मेहर की बरसात होगी।
पैनल सदस्य संजय सबनानी और राजेश वाधवा ने बताया कि सिंधी समाज के इष्टदेव भगवान श्री झूलेलाल का चालिहा पर्व 40 दिनों तक कठिन उपवास, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में 31 जुलाई का यह कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
आयोजन को सफल बनाने में श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल के अध्यक्ष मोहन दीवान सहित मनोहर सबनानी, किशन चंद कोटवानी, किशोर लालवानी, निर्मल मंगवानी, राम वासवानी, हरीश आसवानी, रवि गिदवानी और कमलेश हीरानी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं श्री झूलेलाल समर्थ पैनल के अध्यक्ष प्रदीप कोटवानी के नेतृत्व में रजत मंगवानी, राहुल गेलानी, अनिल सबनानी, विक्रम सहजवानी सहित अन्य पदाधिकारी भी तैयारियों में जुटे हैं।
आयोजकों ने सिंधी समाज सहित सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भक्ति, भजन और सत्संग का आनंद लेने तथा भगवान श्री झूलेलाल का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
