खंडवा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध श्री दादाजी धूनीवाले मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंगलवार रात 8 बजे से बुधवार सुबह 8 बजे तक करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने बड़े दादाजी श्री केशवानंद महाराज के समाधि स्थल पर दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर में देर रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
गुरु पूर्णिमा को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट और प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की थीं। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्पेशल मेमू ट्रेन का संचालन किया गया, जिससे हजारों भक्त खंडवा पहुंचकर दादा दरबार में दर्शन कर सके।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शहर और मंदिर परिसर के आसपास करीब 500 स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं को प्रसादी, भोजन और पेयजल की व्यवस्था विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सेवा संगठनों द्वारा की गई। पूरे शहर में सेवा और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।
भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा। दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों और ट्रस्ट के सदस्यों ने भी लगातार सेवाएं दीं।
गुरु पूर्णिमा पर सुबह से ही भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और गुरु वंदना के कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए दादा धूनीवाले के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर खंडवा का दादा दरबार एक बार फिर आस्था के सबसे बड़े केंद्रों में शामिल रहा, जहां श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
