खंडवा। श्रीधूनीवाले दादाजी दरबार में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार से हो गया है। इस वर्ष 29 जुलाई को मुख्य दिवस पर देशभर से करीब तीन लाख श्रद्धालुओं के समाधि दर्शन के लिए पहुंचने का अनुमान है। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं लागू की हैं।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, मंगलवार रात 12 बजे से श्रीधूनीवाले दादाजी की समाधि पर निशान, फूलमाला और चादर अर्पित करने पर प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालुओं द्वारा लाए गए निशान गेट नंबर-1 पर ही निर्धारित व्यवस्था के तहत जमा कर लिए जाएंगे, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रहे और भीड़ का बेहतर प्रबंधन किया जा सके।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर दादाजी दरबार परिसर और आसपास के मार्गों पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भंडारों के स्टॉल सजाए गए हैं। सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
इससे पहले सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रीधूनीवाले दादाजी दरबार पहुंचकर समाधि के दर्शन किए और धूनीमाई में आहूति अर्पित की। उन्होंने मंदिर परिसर में निर्माणाधीन नए मंदिर के लिए तैयार किए गए संगमरमर के नमूना स्तंभों का भी अवलोकन किया।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें, प्रशासन का सहयोग करें और गुरु पूर्णिमा महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।
