खंडवा। श्री धूनीवाले दादाजी धाम में आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव के मद्देनजर जिला पुलिस एवं रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में खंडवा रेलवे स्टेशन पर आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे की अध्यक्षता में शहर के सभी थाना प्रभारियों एवं रेलवे अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उन ट्रेनों की पहचान की गई, जिनमें गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के खंडवा पहुंचने की संभावना है। इन ट्रेनों पर विशेष निगरानी रखने, स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस और रेलवे अधिकारियों के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं के आगमन और प्रस्थान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सहायता केंद्रों की व्यवस्था तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति जताई।
प्रशासन का कहना है कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में दादाजी भक्त खंडवा पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
