खंडवा। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान देश-प्रदेश से श्री दादाजी धूनीवाले के पावन धाम खंडवा पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को नवीन नगर निगम कार्यालय भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जल विभाग अंतर्गत पांच नवीन जल टैंकरों का विधिवत पूजन-अर्चन कर उन्हें सेवा के लिए रवाना किया गया।

इन नए जल टैंकरों के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों एवं महोत्सव स्थल पर पेयजल आपूर्ति को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की जल समस्या का सामना न करना पड़े। नगर निगम ने महोत्सव के दौरान निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की है।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव खंडवा का प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखना नगर निगम की प्राथमिकता है।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि पेयजल व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छता, सफाई और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को भी बेहतर बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुगमता के साथ धार्मिक आयोजन में शामिल हो सकें।
