खंडवा। खंडवा के बहुचर्चित दो साल पुराने हत्याकांड में जिला एवं सत्र न्यायालय ने सोमवार को बड़ा फैसला सुनाते हुए छह आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अदालत ने सभी दोषियों पर विभिन्न धाराओं के तहत अलग-अलग जुर्माना भी लगाया है। मामले की सुनवाई के दौरान मृतक के नाखूनों से मिले डीएनए साक्ष्य अभियोजन पक्ष के लिए सबसे मजबूत सबूत साबित हुए।
यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा था। अभियोजन के अनुसार, आरोपियों ने रंजिश के चलते युवक पर हमला कर उसे बेरहमी से पीटा था। गंभीर रूप से घायल युवक की बाद में मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाते हुए मृतक के नाखूनों से नमूने एकत्र किए, जिनकी डीएनए जांच में आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि हुई।
अदालत में अभियोजन पक्ष ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, फॉरेंसिक रिपोर्ट और डीएनए जांच सहित अन्य साक्ष्य प्रस्तुत किए। सभी साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद न्यायालय ने छह आरोपियों को हत्या का दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
