CM मोहन यादव ने किए श्रीदादाजी समाधि के दर्शन, टिक्कड़ प्रसाद का लिया स्वाद

CM मोहन यादव ने किए श्रीदादाजी समाधि के दर्शन, टिक्कड़ प्रसाद का लिया स्वाद

CM मोहन यादव ने किए श्रीदादाजी समाधि के दर्शन, टिक्कड़ प्रसाद का लिया स्वाद

खंडवा: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा दौरे के दौरान प्रसिद्ध श्रीदादाजी समाधि पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने बड़े दादाजी, छोटे दादाजी और मां नर्मदा मंदिर में दर्शन किए तथा धूनी माई में आहुति अर्पित की। मंदिर परिसर में उन्हें पारंपरिक टिक्कड़ और लड्डू का प्रसाद परोसा गया, जिसका स्वाद चखने के बाद मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा, “मजा आ गया।”

मुख्यमंत्री करीब 20 मिनट तक दादाजी दरबार में रहे। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और ट्रस्ट के पदाधिकारियों से भी मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने भक्त निवास परिसर में निर्माणाधीन मंदिर के लिए लाए गए संगमरमर के नमूना स्तंभों का अवलोकन किया और मंदिर निर्माण की प्रगति की जानकारी ली।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीदादाजी दरबार की सबसे बड़ी विशेषता यहां का आध्यात्मिक वातावरण और आंतरिक शांति है, न कि बाहरी आडंबर। उन्होंने संतोष जताते हुए कहा कि मंदिर निर्माण को लेकर पहले जो मतभेद थे, उन्हें दूर कर लिया गया है और अब सभी की सहमति से मर्यादा का पालन करते हुए बड़े और छोटे दादाजी के मंदिर का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने मंदिर ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की और कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण और विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दौरान मंदिर ट्रस्ट की ओर से उन्हें चादर प्रसादी भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक इंतजाम किए थे।