खंडवा। खंडवा रेलवे स्टेशन पर काचीगुड़ा–श्रीगंगानगर साप्ताहिक एक्सप्रेस (17601) को स्टेशन पर आधिकारिक स्टॉपेज मिलने के उपलक्ष्य में आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर रेलवे स्टेशन पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जिसमें ट्रेन के लोको पायलट का सम्मान किया गया तथा हरि झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस नई सुविधा का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। अब इस ट्रेन के खंडवा में ठहराव से यात्रियों को दक्षिण और उत्तर भारत के बीच आवागमन में अधिक सुविधा मिलेगी।

बताया गया कि यह स्टॉपेज खंडवा के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के लगातार प्रयासों का परिणाम है। स्थानीय नागरिकों ने इसके लिए सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है और इससे हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

