खंडवा। छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर कांग्रेस के देशव्यापी आंदोलन के तहत शनिवार शाम खंडवा शहर कांग्रेस ने “राहुल गांधी का धन्यवाद एवं विजय मार्च” निकाला। गांधी भवन से शुरू हुआ यह मार्च नगर निगम चौराहा स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा तक पहुंचा। मार्च में कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र-युवा और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा, छात्र हितों और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर विभिन्न राजनीतिक नारे लगाए गए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि यह विजय मार्च छात्रों और युवाओं की आवाज को मजबूती देने तथा उनके भविष्य की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकारों, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्र हितों के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।

मार्च के समापन पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष कार्यकर्ताओं ने छात्र-युवा हितों की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार को जवाब देना होगा और छात्र हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी, अवधेश सिसोदिया, रियाज हुसैन, सलीम पटेल, विशाल जैन, इमरान गौरी, विकास व्यास, अल्ताफ कुरैशी, देवेंद्र जैन, दीपक मुल्लू राठौर, प्रेमांशु जैन सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
