खंडवा: आगामी सिंहस्थ पर्व की तैयारियों को लेकर पुलिस विभाग द्वारा लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस बल को भीड़ प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
पुलिस नियंत्रण कक्ष खंडवा में सिंहस्थ प्रशिक्षणार्थियों के षष्टम बैच का प्रशिक्षण सत्र जारी है। इस बैच में 60 प्रशिक्षणार्थी शामिल हैं, जिन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधिकारियों की टीम ने प्रशिक्षणार्थियों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) और फर्स्ट ऐड की बारीकियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आपात स्थिति में समय पर प्राथमिक उपचार और सही तरीके से सीपीआर देना किसी व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
सिंहस्थ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी कौशल से भी सक्षम बनाया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य है कि प्रशिक्षित पुलिसकर्मी किसी भी आपात परिस्थिति में प्रभावी ढंग से सहायता प्रदान कर सकें।
