ओंकारेश्वर: पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने की दिशा में वंशथली कैंप एंड रिजॉर्ट ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। रिजॉर्ट परिसर में आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित कर इसका शुभारंभ किया गया है। इस प्लांट के माध्यम से परिसर से निकलने वाले गंदे पानी का वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल तरीके से उपचार किया जाएगा।
रिजॉर्ट के मैनेजर अंकित व्यास ने बताया कि STP प्लांट शुरू होने से अपशिष्ट पानी को साफ कर दोबारा उपयोग में लाया जा सकेगा। उपचारित पानी का उपयोग बगीचे में पौधों की सिंचाई, साफ-सफाई सहित अन्य कार्यों में किया जाएगा। इससे प्रतिदिन बड़ी मात्रा में स्वच्छ पानी की बचत होगी और जल प्रदूषण को भी कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस STP प्लांट की स्थापना से भूजल और आसपास के जल स्रोतों की सुरक्षा में भी सहायता मिलेगी। साथ ही क्षेत्र को अधिक स्वच्छ और हराभरा बनाने में योगदान मिलेगा।
वंशथली कैंप एंड रिजॉर्ट में लगाए गए इस अत्याधुनिक STP प्लांट पर करीब 6 लाख रुपये की लागत आई है। प्रबंधन का कहना है कि यह कदम पर्यावरण संरक्षण और सतत जल प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
