खंडवा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पटाजन में विद्यार्थियों से सामाजिक-राजनीतिक संदेश बुलवाकर वीडियो बनाने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। स्कूल के प्राचार्य संदीप यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई संभागायुक्त इंदौर संभाग डॉ. सुदाम खाड़े ने कलेक्टर ऋषव गुप्ता से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर की है।
जानकारी के अनुसार, करीब तीन दिन पहले पटाजन स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान कुछ बाहरी लोग पहुंचे थे। उन्होंने शिक्षकों से कहा था कि वे स्वच्छता पखवाड़ा और पर्यावरण संरक्षण के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक करना चाहते हैं।
आरोप है कि स्कूल पहुंचने के बाद इन लोगों ने पर्यावरण जागरूकता के बजाय नीट पेपर लीक, सोनम वांगचुक के आंदोलन और अन्य सामाजिक-राजनीतिक विषयों पर चर्चा शुरू कर दी। इस दौरान विद्यार्थियों से कुछ संदेश बुलवाकर उसका वीडियो भी बनाया गया।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद इसकी शिकायत पुलिस को भी की गई थी। जांच के बाद कलेक्टर ने रिपोर्ट संभागायुक्त को भेजी, जिसके आधार पर प्राचार्य संदीप यादव के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने स्कूलों में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश और विद्यार्थियों से जुड़ी गतिविधियों को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता है।
