दर्शन के लिए आया परिवार, खुले सेफ्टी टैंक में गिरने से 3 वर्षीय तनुष की मौत

दर्शन के लिए आया परिवार, खुले सेफ्टी टैंक में गिरने से 3 वर्षीय तनुष की मौत

दर्शन के लिए आया परिवार, खुले सेफ्टी टैंक में गिरने से 3 वर्षीय तनुष की मौत

ओंकारेश्वर (खंडवा)। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की जान चली गई। ब्रह्मपुरी पार्किंग क्षेत्र में खुले पड़े सेफ्टी टैंक में गिरने से घायल हुए बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के नागपुर निवासी कैलाश उसराठे अपने परिवार के साथ भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन के लिए आए थे। परिवार बस से उतरकर पार्किंग क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान अंधेरे के कारण तीन वर्षीय तनुष खुले पड़े सेफ्टी टैंक में गिर गया।

हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल बच्चे को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। हालांकि, गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने पार्किंग क्षेत्र में खुले पड़े सेफ्टी टैंक और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि टैंक को ढका गया होता या पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो यह हादसा टाला जा सकता था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रशासन भी घटना के कारणों की जांच कर रहा है। हादसे के बाद तीर्थनगरी में सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।