खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में इंदिरा सागर बांध के सामने स्थित जगमूर्ति सेतु के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश के वाराणसी (बनारस) से धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की टवेरा वाहन को राखड़ (फ्लाई ऐश) से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं का परिवार महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर में दर्शन के बाद सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम जा रहा था। रास्ते में इंदिरा सागर बांध का मनोरम दृश्य देखकर परिवार कुछ देर के लिए रुका और फोटो व सेल्फी लेने लगा। कुछ ही देर बाद जैसे ही वाहन आगे बढ़ा, पीछे से आए राखड़ से भरे ट्रक ने टवेरा को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि टवेरा वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक वाहन में ही फंस गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने वाहन का दरवाजा तोड़कर चालक को बाहर निकाला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घायलों को तत्काल इंदिरा सागर बांध अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल खंडवा रेफर किया गया।
हादसे में घायल 13 वर्षीय आरोही गुप्ता की मार्मिक पुकार ने सभी को भावुक कर दिया। वह रोते हुए अपनी मां और भाई को बचाने की गुहार लगाती रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह दृश्य बेहद हृदयविदारक था।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में संजय प्रताप गुप्ता, कन्हैयालाल गुप्ता, ममता देवी, रीना देवी, अमित, तूलिका, आरोही, गरिमा, ईशान और वाहन चालक मुकेश घायल हुए हैं। मृत महिला का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में ट्रक चालक ने पुलिस को बताया कि वाहन के ब्रेक फेल होने के कारण वह ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका। पुलिस ने ट्रक और टवेरा दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
