खंडवा -नवीन नगर निगम कार्यालय भवन के पूर्ण निर्माण के बाद शुभ मुहूर्त एवं देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर विधि-विधान से श्री सत्यनारायण भगवान का पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर गुप्त नवरात्रि के नवमी पर्व के तहत कन्या पूजन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें बालिकाओं का विधिवत पूजन कर उनका सम्मान किया गया और सभी से आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष, निगम अध्यक्ष, मेयर-इन-काउंसिल के सदस्यगण और क्षेत्रीय पार्षदगण की गरिमामयी उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ।

नगर निगम के नए कार्यालय भवन में पूजा-अर्चना के साथ शुभ कार्यों की शुरुआत की गई। भवन के शेष आवश्यक कार्य पूरे होने के बाद जल्द ही भव्य लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
नए भवन के शुरू होने से नगर निगम की प्रशासनिक गतिविधियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
