प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव श्रीवास्तव ने किया जिला जेल का औचक निरीक्षण, बंदियों से किया संवाद

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव श्रीवास्तव ने किया जिला जेल का औचक निरीक्षण, बंदियों से किया संवाद

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव श्रीवास्तव ने किया जिला जेल का औचक निरीक्षण, बंदियों से किया संवाद

खंडवा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव ने गुरुवार को जिला जेल, खंडवा का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जेल की विभिन्न बैरकों में पहुंचकर बंदियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं न्यायालयीन मामलों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश श्री श्रीवास्तव ने बंदियों से उनके प्रकरणों की स्थिति, न्यायालयीन कार्यवाही और अधिवक्ता की उपलब्धता के संबंध में चर्चा की। जिन बंदियों के पास अधिवक्ता उपलब्ध नहीं थे, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय पाने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

जेल निरीक्षण के दौरान श्री श्रीवास्तव ने बंदियों से भोजन की गुणवत्ता, समय पर नाश्ता एवं भोजन मिलने, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने भोजनशाला का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता भी देखी।

उन्होंने जेल परिसर में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने के लिए जेल अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री पीयूष भावे, जेल अधीक्षक श्री डी.के. सारस, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दिलावर सिंह सहित जेल स्टाफ के सदस्य उपस्थित रहे।