खंडवा। जिले में आधुनिक सिंचाई पद्धतियों को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अंतर्विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रेशराइज्ड इरिगेशन के अंतर्गत ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई पद्धति को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जाए।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों की ओर भी प्रेरित किया जाए। उन्होंने बताया कि उद्यानिकी फसलों से किसानों को गेहूं और सोयाबीन जैसी पारंपरिक फसलों की तुलना में अधिक लाभ मिलने की संभावना रहती है।
बैठक में कलेक्टर ने कोऑपरेटिव बैंक के महाप्रबंधक को निर्देश दिए कि किसानों को ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली स्थापित करने के लिए आवश्यक ऋण सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान माइक्रो इरिगेशन तकनीक अपना सकें।
उन्होंने कृषि महाविद्यालय और कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से किसानों को ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई के फायदे, उपयोग और प्रभावी संचालन के संबंध में प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जिले में उद्यानिकी फसलों के उत्पादन की बेहतर संभावनाएं हैं। टमाटर, मिर्च, चिया सीड और अश्वगंधा जैसी फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सकता है।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा सहित कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
